इस मामले के सभी आरोपित 16 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में हैं। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू और अमरदीप लोचाब के खिलाफ राऊज एवेन्यू कोर्ट में चौथी पूरक चार्जशीट दाखिल की है। कोर्ट 16 अक्टूबर को चौथी पूरक चार्जशीट पर विचार करेगा।

कोर्ट ने 15 जुलाई को दिल्ली पुलिस की ओर से दायर तीसरी पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। तीसरी चार्जशीट में विकास गहलोत की पत्नी विनीता पर आरोप लगाया गया है कि उसने 17 अप्रैल को अपने पति के निर्देश पर उसके घर से एक रिश्तेदार के घर पर हथियारों को पहुंचवाया था। दिल्ली पुलिस ने इन हथियारों को विकास गहलोत के रिश्तेदार के घर से बरामद किया था। इसके पहले कोर्ट ने 27 मई को नरेश बाल्यान की इस मामले में दायर दूसरी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। कोर्ट ने नरेश बाल्यान के अलावा जिन आरोपितों के खिलाफ दाखिल पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था उनमें साहिल ऊर्फ पोली, विजय ऊर्फ कालू और ज्योति प्रकाश ऊर्फ बाबा शामिल हैं। कोर्ट ने इन आरोपितों के खिलाफ मकोका की धारा 3 और 4 के तहत संज्ञान लिया है। कोर्ट ने 24 फरवरी को आरोपित रितिक पीटर के खिलाफ दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान ले लिया था।

वसूली के मामले में 4 दिसंबर 2024 को नरेश बाल्यान को जमानत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मकोका के मामले में गिरफ्तार कर लिया था। दिल्ली पुलिस ने वसूली के मामले में नरेश बाल्यान को 30 नवंबर 2024 की रात में गिरफ्तार किया था। इससे पहले भाजपा ने नरेश बाल्यान का एक ऑडियो क्लिप जारी किया था जिसमें गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू और बाल्यान के बीच बातचीत थी।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक नरेश बाल्यान और गैंगस्टर के बीच बातचीत का ये मामला 2023 का है। इसे लेकर 2023 में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। कपिल सांगवान एक कुख्यात गैंगस्टर है जो फिलहाल ब्रिटेन में रह रहा है। कपिल सांगवान पिछले पांच वर्षों से ब्रिटेन में ही रह रहा है। कपिल सांगवान और नरेश बाल्यान दोनों दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं। कपिल सांगवान हरियाणा के नफे सिंह हत्याकांड का भी मास्टरमाइंड है। कपिल सांगवान को बल्लू पहलवान और भाजपा नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या का भी मास्टरमाइंड माना जाता है। नरेश बाल्यान ने 2015 और 2019 में उत्तम नगर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था।

————–

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights