(अपडेट) दिल्ली के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक जय किशन का निधन
– दलित नेता जय किशन का निधन दिल्ली कांग्रेस के लिए बड़ी क्षति : देवेंद्र यादव-वाई ब्लाक सुल्तानपुरी शमशान घाट पर किया गया अंतिम संस्कार
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक जय किशन (66) का बुधवार रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने जय किशन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके आकस्मिक निधन से दिल्ली कांग्रेस परिवार को बड़ी क्षति पहुंची है, जिसको भरा नहीं जा सकता।
जय किशन ने उत्तर पश्चिमी दिल्ली की सुल्तानपुर माजरा विधानसभा सीट से 1993, 2003, 2008 और 2013 में चार बार जीत हासिल की। 1998 के चुनावों में उन्होंने अपनी पत्नी सुशीला देवी को मैदान में उतारा और वह भी सीट से जीतीं। जय किशन अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने से पहले सफाई कर्मचारी थे। वह 1980 में कांग्रेस में शामिल हुए। उन्होंने लंबे समय तक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाई।
देवेंद्र यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की ओर से जय किशन के पार्थिव शरीर पर फूलों की रीथ चढ़ाकर उन्हें पुष्पाजंलि अर्पित की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनकी पत्नी सुशीला जय किशन से फोन पर बात करके उन्हें सांत्वना दी और दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने शोक संदेश मे कहा, “पूर्व एआईसीसी सचिव और विधायक रहे जय किशन का निधन कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने एक समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ता के नाते जनता की सेवा की और समाज के वंचितों के सशक्तीकरण के लिए अपना योगदान दिया। दिवगंत आत्मा के शोकाकुल परिवार, परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि।”
राहुल गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा कि पूर्व कांग्रेस सचिव और दिल्ली में चार बार विधायक रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयकिशन के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।
जनसेवा, कमज़ोरों के उत्थान और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति सदा समर्पित जयकिशन का देहांत हम सभी के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवारजनों और उनके सभी समर्थकों के प्रति मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि आज हमारे वरिष्ठ कांग्रेस नेता और दिल्ली से विधायक रहे जय किशन के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। पूरे कांग्रेस परिवार की ओर से मैं उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। वे एक हाशिये की पृष्ठभूमि से उठकर कई वर्षों तक जनता और पार्टी की अप्रतिम निष्ठा के साथ सेवा करते रहे। उन्होंने जिन लोगों को छुआ उन पर अपनी अमिट छाप छोड़ी। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।
गुरुवार दोपहर वाई ब्लाक सुल्तानपुरी शमशान घाट पर जय किशन के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि उनके बड़े बेटे राहुल ढ़ाका ने देकर अंतिम संस्कार किया। इस गमगीन मौके पर जयकिशन के परिवार के सदस्यों के साथ प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव, दिल्ली के कई विधायक, कांग्रेस नेता और सुल्तान पुरी विधानसभा से उनके समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद थे, जहां सभी ने दिवंगत नेता को अंतिम विदाई दी।
देवेंद्र यादव ने कहा कि जय किशन कांग्रेस पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता थे, जिन्होंने जीवन भर लोगों की सेवा की। दलित और वंचित वर्ग के लोगों के विकास और सामाजिक उत्थान और सशक्तीकरण के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
—————