पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने दुख जताया
नई दिल्ली, 2 मई (हि.स.)। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आंधी और बारिश के दौरान जाफरपुर कलां में पेड़ गिरने से एक परिवार के चार लोगों की मौत पर दुख जताया।
उन्होंने शुक्रवार को बयान जारी करते हुए कहा कि कल देर रात और आज सुबह दिल्ली एनसीआर में आंधी-बारिश के दौरान पेड़ गिरने की कई घटनाएं सामने आई है। दिल्ली जलबोर्ड एवं दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मियों ने जलभराव की समस्या को खत्म करने के लिए सुबह से काम में लगाए। इन कर्मियों ने दिल्ली की सड़कों से तुरंत पानी की निकासी एवं सफाई सुनिश्चित की।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जाफरपुर कलां हादसे के बाद भाजपा के क्षेत्रीय विधायक संदीप सहरावत, पार्षद अमित खरखड़ी एवं शशी यादव ने पीड़ित परिवार के लिए राहत एवं दुर्घटना में घायल परिवार के मुखिया के लिए मेडिकल राहत सुनिश्चित की।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के समय विपदा आने पर सत्ताधारी लोग गायब हो जाते थे। इस बार दिल्ली में भाजपा सरकार के दौरान आंधी और बारिश के समय मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर और पार्षद सड़कों पर उतरकर व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गए। आंधी-बारिश के तुरंत बाद दिल्ली में जलभराव और सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित किया गया।
—————