दिल्‍ली एयरपोर्ट का टर्मिनल-2 अप्रैल से अस्थायी रूप से रहेगा बंद

नई दिल्ली, 26 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का टर्मिनल-2 आगामी अप्रैल से 4-5 महीने के लिए अस्थायी रूप से बंद किया जाएगा। इस अवधि के दौरान ‘अपग्रेडेशन’ के लिए एक रनवे भी बंद रहेगा।

दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने बुधवार को एक बयान में कहा कि टर्मिनल 2 (टी2) अप्रैल से चार से पांच महीने के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगा। इस अवधि के दौरान अपग्रेडेशन के लिए एक रनवे भी बंद रहेगा। इस हवाई अड्डे में तीन टर्मिनल टी1, टी2 और टी3 हैं। डायल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा कि टी-2 को अप्रैल में चार से पांच महीने के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि टर्मिनल-1 (टी-1) का काम 15 मार्च तक पूरा होने की उम्मीद है, इसे अपेक्षित मंजूरी मिलने के बाद उड़ानों के लिए खोल दिया जाएगा। टी-2 के करीब 1.5 करोड़ यात्रियों को टी-1 पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

उल्‍लेखनीय है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण हवाई अड्डा संचालक टी-3 के उस हिस्से को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए खोला जाएगा, जहां से वर्तमान में घरेलू उड़ानों का परिचालन होता है। हवाई अड्डे पर सालाना करीब 10.9 करोड़ यात्रियों की आवाजाही होती है। फिलहाल टी-1 पर सालाना करीब चार करोड़ और टी-2 पर 1.5 करोड़ यात्रियों की आवाजाही होती है, जबकि अन्य यात्री टी-3 से आते-जाते हैं।

———–

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights