नई दिल्ली, 14 मार्च । मध्य दिल्ली के देशबंधु गुप्ता रोड इलाके में एक महिला मानसिक सुकून और शांति पाने के लिए घर से निकल गई। उसने बैग में कपड़े पैक किए और बिना किसी को बताए घर छोड़ दिया। परेशान पति ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि महिला बस में सवार होकर जम्मू एवं कश्मीर की बस में बैठी है। टीम को फौरन कटरा भेजा गया। वहां पर महिला को माता वैष्णो देवी मंदिर के पास ट्रैक कर लिया गया। बाद में महज 39 घंटे में पुलिस ने महिला को ढूंढ निकाला। औपचारिकाताएं पूरी करने के बाद महिला को परिवार के हवाले कर दिया गया। महिला ने खुलासा किया है कि वह मानसिक व पारिवारिक परेशानियों से दिक्कत में थी।
मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 9 मार्च को एक व्यक्ति ने देशबंधु गुप्ता रोड थाने में आकर पत्नी के गायब होने की शिकायत दी थी। उसने बताया कि पत्नी को उसने काफी तलाश किया, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। पुलिस ने छानबीन के बाद फौरन गुमशुदा रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस के अलावा सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इस बीच पता चला कि महिला जम्मू एवं कश्मीर की बस में सवार हुई है। उसी दिन पुलिस ने एक टीम को जम्मू के लिए रवाना कर दिया। टीम कटरा पहुंची। वहां पहुंचने पर पता चला कि महिला माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंची है।
पुलिस की टीम ने 11 मार्च महिला को वैष्णो देवी क्षेत्र के पास सुरक्षित ढूंढ लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव और भावनात्मक परेशानी से गुजर रही थी। शांति और सुकून पाने के लिए वह किसी शांत स्थान पर कुछ समय बिताना चाहती थी। इसी कारण उसने लगभग एक महीने पहले से ही इसकी तैयारी कर रखी थी और घर से निकल गई।
