हमीरपुर, 10 मार्च । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे सहित क्षेत्र में आतंक का पर्याय बन चुके डी-29गैंग पर दर्जनों मुकदमे दर्ज होने के बाद भी उनकी हनक कम नहीं हो रही है। उनके द्वारा खेतिहर मजदूर से ट्रैक्टर छीनने के साथ ही एक लाख से अधिक रुपये भी वसूलने के आरोप लगे हैं जिसको लेकर पीडित ने मंगलवार को कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है,वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मौदहा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परछा निवासी भोलू पुत्र रमजान ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव के दबंग माफिया और डी-29 गैंग संचालक मुईनउददीन जम्मू और आफताब ने उसे खेत जोतने के लिए चौदह हजार रुपये दिए थे जिस पर उसने उनके खेतोँ की जुताई की लेकिन एक खेत में नमी अधिक होने के कारण जुताई नहीं हो सकी। उसी बात से नाराज उक्त लोग उससे रुपये वापस करने की धमकी देने लगे और चौदह हजार के ब्याज सहित साठ हजार रुपये ले लिए। पीडित ने बताया कि उसके बाद उक्त लोगों ने असलहों के बल पर धमकी देकर उसका ट्रैक्टर छीन लिया और खन्ना थाना क्षेत्र के सिरसी निवासी कुलदीप सिंह पुत्र अज्ञात के घर पहुंचा दिया।
पीड़ित ने बताया कि जब वह सिरसी कुलदीप के घर पहुंचा तो उक्त कुलदीप ने उससे ब्याज के रूप में सत्तर हजार रुपये ले लिए और गाली तथा धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित ने बताया कि वह उसी ट्रैक्टर से कमाई कर परिवार चलाता था और उक्त लोग माफिया तथा गिरोहबंद अपराधी हैं जो लगातार धमकी दे रहे हैं। पीडित ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कठोर कार्यवाही की मांग की है। इस सम्बन्ध में कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने मंगलवार को शाम बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है ।जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी।
