मुजफ्फरनगर | साइबर जागरूकता माह के तहत खतौली में एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन, साइबर सेल और सामाजिक संस्थाओं ने मिलकर आमजन को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। साइबर सेल की टीम ने अभियान के दौरान नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, OTP फ्रॉड, बैंकिंग स्कैम, फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया हैकिंग जैसी घटनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी।

इस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा एवं एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के निर्देशन में किया गया | खतौली में आयोजित इस अभियान में साइबर थाने से इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार, सब इंस्पेक्टर धर्मराज, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान व्यक्ति को अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी न दें। साइबर अपराध की शिकायत 1930 हेल्पलाइन नंबर या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर तुरंत दर्ज कराई जा सकती है।इस कार्यक्रम में आधारशिला सेवा संस्थान और मुल्तानी वेलफेयर एसोसिएशन ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
संस्थाओं के पदाधिकारियों ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार है और इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने पुलिस प्रशासन और सहयोगी संस्थाओं के प्रयास की सराहना की और संकल्प लिया कि वे स्वयं भी समाज में साइबर जागरूकता फैलाने में सहयोग करेंगे।यह अभियान यह संदेश देता है कि जब पुलिस और समाज एकजुट होकर काम करते हैं, तो डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित करना सरल और प्रभावी बन जाता है।
