भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस ने पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां को गाली दी और अब बिहार को बीड़ी से जोड़ा। उन्होंने कहा कि क्या तेजस्वी यादव इस अपमान का समर्थन करते हैं? तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, डीएमके और कांग्रेस की बिहार के प्रति नफरत साफ दिखती है।भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स पर लिखा कि कांग्रेस और राजद बिहार विरोधी हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने पहले भी बिहारियों का अपमान करने वालों का साथ दिया है।बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने इस पोस्ट पर कहा कि लोकतंत्र मर्यादा और लोकलाज के सहारे चलता है। अगर सत्ता की इच्छा मर्यादा को भूल जाए, तो जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि भारत की जनता लोकतंत्र को कमजोर नहीं होने देगी।पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस कितना नीचे गिर सकती है, पहले प्रधानमंत्री मोदी की मां का अपमान हुआ, अब बिहार की तुलना बीड़ी से की गई। उन्होंने राहुल गांधी से जवाब मांगा और कहा कि बिहार के गौरव का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा।केरल भाजपा के महामंत्री अनूप एंटनी जोसेफ ने कहा कि कांग्रेस ने बुद्ध की धरती बिहार को बीड़ी से जोड़कर अपमान किया। उन्होंने बिहारवासियों से अपील की कि वे इस अपमान को वोट के जरिए याद रखें।बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार ने अखंड भारत का निर्माण किया और ज्ञान-विज्ञान की भूमि रहा है। इस अपमान का जवाब बिहार की जनता देगी।जनता दल यूनाइटेड (जदयू) सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि बी से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि और बजट भी होता है, जो कांग्रेस के पास नहीं है। उन्होंने बिहार की गौरवशाली विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि यह मां जानकी, बुद्ध, सम्राट अशोक और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों की धरती है। बिहार ने गांधी को राष्ट्रपिता बनाया और संपूर्ण क्रांति के जरिए कांग्रेस की तानाशाही को उखाड़ फेंका। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस अपमान का जवाब विधानसभा चुनाव में वोट की चोट से देगी। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि बिहार बीड़ी का पर्याय नहीं, बल्कि बुद्ध, सीता और सूफी संतों की धरती है। हालांकि विवाद बढ़ने पर केरल कांग्रेस ने पोस्ट डिलीट कर दिया और माफी भी मांग ली। केरल कांग्रेस ने अपने पोस्ट में कहा कि उनके जीएसटी पर तंज को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। उन्होंने लिखा, “अगर इससे किसी को ठेस पहुंची तो हम क्षमा मांगते हैं।”उल्लेखनीय है कि केरल कांग्रेस ने अपने एक्स अकाउंट पर एक चार्ट साझा किया था, जिसमें सिगरेट, तंबाकू और बीड़ी पर जीएसटी दरों की तुलना की गई थी। चार्ट के मुताबिक, सिगरेट और तंबाकू पर जीएसटी 28 से बढ़ाकर 40 फीसदी किया गया, जबकि बीड़ी पर जीएसटी 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया। पोस्ट में लिखा गया, “बीड़ी और बिहार दोनों ‘बी’ से शुरू होते हैं, अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता।”

————

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights