संविधान को कमजोर कर रही है भाजपा : सचिन पायलट
देहरादून, 30 अप्रैल (हि. स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बुधवार को देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित संविधान बचाओ रैली को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और सीबीआई तथा ईडी जैसी एजेंसियां अब उसकी कठपुतली बन गई हैं।
इस मौके पर सचिन पायलट ने कहा कि देश में कांग्रेस ने संविधान को मजबूत करने का काम किया, लेकिन मोदी सरकार ने बीते 11 सालों में संवैधानिक संस्थाओं को खोखला करने का काम किया है। भाजपा सरकार देश नहीं, अपनी सुविधा के अनुसार कानून बनाती और बदलती है। उन्होंने कहा कि संविधान ने हर व्यक्ति को बराबरी का हक दिया है, कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए देशभर में अभियान चला रही है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आराेप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र को कमजोर कर रही है और संविधान में बदलाव करके सत्ता को केंद्रित करने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने केंद्र सरकार पर संविधानिक संस्थाओं में दखलअंदाजी, ईडी-सीबीआई के दुरुपयोग और दलित-आदिवासी अधिकारों पर हमले का आरोप लगाया। साथ ही महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराध खनन, भ्रष्टाचार को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने तीखा व्यंग्य करते हुए कहा कि मोदी सरकार संविधान से बाबा साहब की तस्वीर हटाकर खुद की लगवाना चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि अगले छह महीनों में हर गांव में कांग्रेस का झंडा फहराया जाए।
रैली में प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा, सह प्रभारी सरदार परगट सिंह, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए और कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
—-