मुख्यमंत्री ने सौ दिन की योजनाओं और उपलब्धियों को रखा जनता के सामने , बोली नहीं टूटेगी एक भी झुग्गी

नई दिल्ली, 31 मई (हि.स.)। दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार ने पहले 100 दिन पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर शनिवार को दिल्ली भाजपा की ओर से जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में ‘काम करने वाली सरकार के सौ दिन सेवा के’ कार्यक्रम का आयोजन किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम के दौरान अभिनेता अनुपम खेर के साथ संवाद करते हुए दिल्ली के विकास, सुशासन, योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का विश्वास ही हमारी सरकार की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दिल्ली में कोई भी झुग्गी नहीं टूटेगी। झुग्गियों में बुनियादी सुविधाएं देने के लिए दिल्ली सरकार के बजट में पैसे की व्यवस्था की गई है। पिछली सरकारों ने झुग्गी वालों को केवल वोट बैंक ही समझा और हमारी सरकार उनके विकास के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने संवाद के दौरान यमुना की सफाई, वायु प्रदूषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र किए गए कामों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यमुना की सफाई लगातार बड़ी-बड़ी मशीनों से की जा रही है। यमुना में गिरने वाले नालों की सफाई पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है। इसके लिए कई स्तर पर काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण को कम करने के लिए ‘देवी बसें’ चलाई गई। इसके अलावा वायु प्रदूषण को कम करने के लिए दिल्ली के सभी 250 वार्डों के लिए चार-चार एंटी स्मॉग गन की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ-साथ राजधानी की ऊंची इमारतों पर सालभर एंटी स्मॉग गन संचालन को अनिवार्य कर दिया है। दिल्ली के उज्जवल भविष्य के लिए सरकार लगातार ठोस नीतियां बना रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को ई-वेस्ट मुक्त बनाना केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी जिम्मेदारी है। सरकार ई-वेस्ट प्रबंधन को लेकर ठोस नीति और दीर्घकालिक समाधान के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कूड़ा अब राजनीति का मुद्दा नहीं, बल्कि समाधान की दिशा में हमारी जिम्मेदारी है। दिल्ली में कूड़े के पहाड़ों को हटाने की लिए तेजी से काम हो रहा है। दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और गरिमामयी राजधानी बनाने के लिए हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का फैसला लिया। आज दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिल्ली के लोग ले रहे हैं। दिल्ली सरकार आयुष्मान वय वंदना योजना के 70 साल और ऊपर के सभी बुजुर्गों को वय वंदना कार्ड जारी कर रही है। इससे दिल्ली के बुजुर्ग दस लाख रूपये तक मुफ्त इलाज देश में कहीं भी करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों की कमी को दूर करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली के अस्पतालों में अब दवाइयों की कोई कमी नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र को बेहतर करने के लिए दिल्ली सरकार लगातार काम कर रही है। निजी स्कूलों की फ्री बढ़ोतरी को रोकने के लिए कानून लेकर आए हैं। बच्चों के लिए स्कॉलरशिप की व्यवस्था भी की जा रही है। दिल्ली सरकार सभी वादों को पूरा करने के लिए ठीक ढंग से काम कर रही है। महिला समृद्धि योजना को लागू करने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही गरीब महिलाओं को 2500 रुपये मिलना शुरू हो जाएगा। महिला की सुरक्षा के लिए दिल्ली में कैमरे लगाने का काम भी जारी है। महिलाओं के कल्याण के दिल्ली सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है। दिल्ली सरकार ने सौ दिन की छोटी अवधि में दिल्ली के विकास के लिए ठोस योजनाओं काम करना शुरू कर दिया है। इसका प्रभाव भी राजधानी में धीरे-धीरे दिखाई दे रहा है।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights