मुज़फ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मुज़फ्फरनगर डॉ. सुनील तेवतिया ने मंगलवार को जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुटेसरा/दहचन्द, मेहरायपुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फलौदा का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पतालों की स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, औषधि भंडारण, टीकाकरण कक्ष, प्रसव कक्ष और अभिलेखों की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डॉ. तेवतिया ने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था बेहतर की जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी अपने निर्धारित समय पर उपस्थित रहें और रिकॉर्ड का रख-रखाव सही ढंग से किया जाए।फलौदा सीएचसी के निरीक्षण में उन्होंने दवा भंडारण कक्ष और रिकॉर्ड व्यवस्था में कुछ कमियां पाईं, जिन पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाएगा।

सीएमओ डॉ सुनील तेवतिया ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights