-सीएम ने कलाकारों के साथ किया संवाद, सीएम ने अधिकारियों को सभी कलाकारों को रामलला के दर्शन कराने के दिये निर्देश

लखनऊ, 15 अगस्त (हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधान भवन के समक्ष प्रस्तुति देने वाले उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों के कलाकारों को सम्मानित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतीक चिन्ह का अनावरण किया। साथ ही उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के संस्कृति एप का शुभारम्भ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कलाकारों के साथ संवाद भी किया।

–मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन कलाकारों को सम्मानित किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 79 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधान भवन के समक्ष प्रस्तुति देने वाले उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों के कलाकारों को सम्मानित किया। सीएम ने मध्य प्रदेश के कलाकार पद्मश्री अर्जुन सिंह ध्रुव, बिहार के कलाकार विशाल कुमार, सिक्किम की कलाकार नीता छेत्री, गुजरात के कलाकार योगेश पतड़िया, छत्तीसगढ़ के कलाकार वेद प्रकाश महेश्वरी, वाराणसी के कलाकार, भरत लाल प्रसन्ना, आकाश पांडेय, रंजीत तिवारी (पाणिनी कन्या महाविद्यालय), सोनभद्र की कलाकार सोना, अयोध्या की संगीता आहूजा, लखीमपुर खीरी की प्रो. ज्याेति पन्त (युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय), लखनऊ की डॉ. ललिता गणेश भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, डॉ. प्रेरणा राय अौर मथुरा के कलाकार संजय शर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने बैगा कर्मा नृत्य, गोदान नृत्य, उर्केली नृत्य, पंथी नृत्य, शहनाई वादन, डमरु वादन, शंख वादन, गरदबाजा, बधावा नृत्य, जनजातीय नृत्य, कजरी और कथक नृत्य विधा के कलाकारों को सम्मानित किया। इसके अलावा मथुरा के कोरियोग्राफर को भी सम्मानित किया।

–सीएम ने अधिकारियों को सभी कलाकारों को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराने के दिये निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के संस्कृति एप का शुभारम्भ भी किया। इसके साथ ही भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतीक चिन्ह का अनावरण किया। वहीं मुख्यमंत्री योगी ने विभिन्न कलाकारों से संवाद किया। कलाकारों ने मुख्यमंत्री से अयोध्या में रामलला के दर्शन की इच्छा जाहिर की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को कलाकारों के दल को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराने साथ ही राजधानी के विभिन्न स्थानों के साथ राजभवन का भ्रमण कराने के निर्देश दिये। यह सुनकर कलाकरों के चेहरे पर खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सभी कलाकारों ने संवाद के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव संस्कृति मुकेश मेश्राम, संस्कृति विभाग के निदेशक विशाल सिंह आदि मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights