केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शुक्रवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) के पूर्व महासचिव दिवंगत सीताराम येचुरी को उनकी पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की और भारत व विदेशों में राजनीतिक आंदोलनों को आकार देने में उनकी भूमिका को याद किया।

विजयन ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि येचुरी ने राष्ट्रीय राजनीति में असर डालने वाले कई राजनीतिक आंदोलनों को आकार देने में निर्णायक भूमिका निभाई और वह देश में धर्मनिरपेक्ष समूहों के सबसे मजबूत प्रवक्ता थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी ‘‘संघर्ष की अटूट भावना उनकी विशेषता थी’’। उन्होंने कहा कि यह अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बाद जम्मू कश्मीर में प्रवेश करने के उनके सफल प्रयास से स्पष्ट था।

विजयन ने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘उन्हें श्रीनगर हवाई अड्डे से दो बार वापस भेज दिया गया था, लेकिन सीताराम ने एक रिट याचिका के माध्यम से उच्चतम न्यायालय का रुख किया और वहां जाने की अनुमति प्राप्त की। वह जम्मू कश्मीर में प्रवेश करने वाले और दुनिया को वहां की स्थिति के बारे में बताने वाले पहले सार्वजनिक कार्यकर्ता थे।’’

मुख्यमंत्री ने नेपाल में 2006 के जन आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने विदेशों में भी राजनीतिक आंदोलनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

येचुरी का पिछले साल 12 सितंबर को लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया था। वह 72 वर्ष के थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights