लखनऊ। अगर आपके पास घर, दुकान या अलमारी में कहीं 2000 रुपये के नोट पड़े हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) अब भी इन नोटों को बदल रहा है। RBI ने साफ किया है कि 2000 के नोट भले ही चलन से बाहर कर दिए गए हों, लेकिन वे अब भी वैध मुद्रा (लीगल टेंडर) हैं और तय RBI कार्यालयों में जमा या बदले जा सकते हैं।RBI ने 19 मई 2023 को 2000 रुपये के नोटों को प्रचलन से बाहर करने की घोषणा की थी। इसके बाद देशभर में इन नोटों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू हुई। RBI के मुताबिक 31 अक्टूबर 2025 तक करीब 98.37 प्रतिशत नोट बैंकिंग सिस्टम में लौट चुके हैं, लेकिन अब भी लगभग 6 हजार करोड़ रुपये मूल्य के नोट वापस नहीं आए हैं।

पहले बैंकों की शाखाओं में 2000 के नोट जमा या बदलने की सुविधा दी गई थी, जो 7 अक्टूबर 2023 तक चली। इसके बाद यह सुविधा केवल RBI के कार्यालयों तक सीमित कर दी गई। वर्तमान में देश के 19 RBI कार्यालयों में यह सुविधा उपलब्ध है, जिनमें लखनऊ, नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, जयपुर, कानपुर, पटना जैसे शहर शामिल हैं।RBI ने लोगों को सलाह दी है कि नोट जमा कराने के लिए पहचान पत्र और बैंक खाते का विवरण साथ लेकर जाएं, ताकि राशि सीधे खाते में जमा की जा सके।

RBI ने यह भी स्पष्ट किया है कि 2000 के नोटों को लेकर किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। देर होने पर नोट बेकार नहीं होंगे, लेकिन आम लेन-देन में इन्हें अब अधिकांश बैंक और व्यापारी स्वीकार नहीं कर रहे हैं।RBI का कहना है कि जिन लोगों के पास अब भी 2000 के नोट हैं, वे जल्द से जल्द RBI कार्यालय पहुंचकर इन्हें जमा करा लें, ताकि भविष्य में किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights