बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली वाले घर के बाहर फायरिंग की घटना से हड़कंप मचा हुआ है। गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली और कहा कि दिशा की बहन खुशबू पाटनी ने संत प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य महाराज का अपमान किया है। इस बीच दिशा के घर फायरिंग की घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर कैद हुए। वहीं, दिशा के घर के छज्जे पर गोली के निशान भी नजर आए।

CCTV में दिखे बाइक सवार हमलावर

मिली जानकारी के अनुसार, रोदित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग ने बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली के सिविल लाइन्स स्थित घर पर शुक्रवार (12 सितंबर) तड़के फायरिंग हुई। CCTV फुटेज में देखने मिल रहा है कि किस तरह से दो अज्ञात बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और उन्होंने दिशा के घर पर कई राउंड गोलियां चलाई। बताया जा रहा है कि मकान की पहली मंजिल को निशाना बनाया गया। दूसरे वीडियो में घर के छज्जे पर गोलियों के कई निशान नजर आ रहे हैं। फायरिंग की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

घटना पर आया पुलिस का बयान

बरेली के SSP अनुराग आर्य का बयान भी इस पर सामने आया। देर रात लगभग साढ़े तीन बजे रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी के घर पर बाइक सवार 02 अज्ञात हमलावरों द्वारा फायरिंग की घटना की सूचना दिन में मिली है। जांच के लिए एसपी सिटी के साथ अन्य टीमों को घटनास्थल पर तुरंत भेजा गया। उन्होंने मामले में FIR दर्ज करने की भी जानकारी दी। एसएसपी ने बताया कि परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। जांच के लिए पांच टीमों का भी गठन किया गया है।

‘ये तो महज एक ट्रेलर था, अगली बार…’

दूसरी ओर रोहित गोदारा और गोल्डी बरार के नाम की फेसबुक ID से पोस्ट के जरिए घटना की जिम्मेदारी ली गई है। इसमें लिखा गया, “इसने हमारे पूज्य संत (प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य जी महाराज) का अपमान किया था। इसने हमारे सनातन धर्म को नीचा दिखाने की कोशिश की थी। हमारे आराध्य देवी देवताओं का अपमान नहीं सहा जाएगा। ये तो महज एक ट्रेलर था। अगली बार फिर से इसने या किसी और ने हमारे धर्म के प्रति कुछ भी अभद्रता दिखाई तो उनके घर में से किसी को जिंदा नही छोड़ेंगे।”

पोस्ट में आगे यह भी लिखा, “ये संदेश सिर्फ इसके लिए ही नहीं है बल्कि जितने भी फिल्म जगत के कलाकार और उनसे जुड़े लोग है, उन सभी के लिए हैं। जिस किसी ने भी हमारे धर्म और संतो संबंधी ऐसी कोई भविष्य में अपमानजनक हरकत की तो तैयार रहना उसके परिणाम भुगतने के लिए। हमें हमारे धर्म की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाना पड़े, उसके लिए हम तैयार हैं। हम कभी भी पीछे नहीं हटेंगे। हमारे लिए धर्म और सर्व समाज हमेशा एक हैं, उनकी रक्षा करना हमारा प्रथम कर्तव्य हैं।”

क्या है पूरा मामला?

पूरा विवाद खुशबू पाटनी की इंस्टा स्टोरी से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने अनिरुद्धाचार्य महाराज के विवादित बयान की आलोचना की थी। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने कहा था, ‘आजकल 25 साल की लड़कियां 4-5 जगह मुंह मारती हैं’। उनके इस बयान पर काफी हंगामा हुआ। खुशबू ने भी अनिरुद्धाचार्य के बयान पर भड़कते हुए एक वीडियो जारी किया था।

उन्होंने कहा था, “अगर ये मेरे सामने होता, तो मैं समझा देती कि मुंह मारना क्या होता है। ये राष्ट्र-विरोधी हैं। ऐसे बाबा को सपोर्ट नहीं करना चाहिए। वो कहता है कि लिव-इन में रहने वाली लड़किया मुंह मार के आती हैं। उसने ये क्यों नहीं कहा कि लिव-इन में रहने वाले लड़के मुंह मारते हैं? क्या लड़कियां अकेली लिव-इन में रहती हैं? लिव-इन में रहना गलत है?

वहीं, कुछ लोगों ने ये आरोप भी लगाए कि खुशबू पाटनी के संत प्रेमानंद महाराज के खिलाफ भी बयान दिया है, जिसे उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया था। खुशबू ने एक स्टेटमेंट जारी कर कहा था, “मैं साफ कर दूं कि मैंने प्रेमानंद महाराज जी के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया है। मेरे शब्द अनिरुद्धाचार्य पर की गई एक विवादित टिप्पणी के जवाब में थे और केवल उन्हीं के लिए थे।” उन्होंने यह भी कहा कि संतों और आध्यात्मिक परंपराओं का मैं दिल से सम्मान करती हूं, लेकिन महिलाओं के खिलाफ कही गईं ऐसी बातों का विरोध करना भी मेरा धर्म है और मैं अन्याय के सामने चुप नहीं रहूंगी। खुशबू ने इस पर एक्शन की भी धमकी दी थी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights