नई दिल्ली, 12 फ़रवरी । केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल में साल 2021 के चुनाव परिणाम के बाद (पोस्ट-पोल) हुई हिंसा मामले में फरार आरोपित नजीर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। वह 4 साल से फरार था। उसे राज्य के उत्तर 24 परगना जिले में उसके परिजन के घर से दबोचा गया।
सीबीआई ने बताया कि एजेंसी ने कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश पर पोस्ट-पोल हिंसा मामलों की जांच शुरू की थी। इनमें से एक मामले में आरोप था कि नजीर हुसैन ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और मस्जिद की जमीन पर क्लब हाउस निर्माण को लेकर हुए विवाद के चलते अन्य आरोपितों के साथ मिलकर 2 मई 2021 की सुबह हसनुर जमान को घेर कर हथियारों, बमों और लोहे की रॉड से हत्या कर दी थी।
इस मामले में नजीर हुसैन समेत 12 अन्य आरोपितों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय विस्फोटक अधिनियम की विभिन्न धाराओं में आरोपपत्र दाखिल किया गया था। मामला वर्तमान में बारासात की अदालत (एडीजे-IV) में विचाराधीन है।
सीबीआई की तरफ से बताया गया कि नजीर हुसैन शुरुआत से ही गिरफ्तारी से बचता रहा। उसे खुफिया जानकारी और तकनीकी इनपुट के आधार पर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपित को बारासात की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
