मुजफ्फरनगर। शहर की जाम समस्या को लेकर यातायात पुलिस ने शुक्रवार को सख्त रुख अपनाया। प्रमुख बाजारों की सड़कों पर दुकानदारों द्वारा फैलाए गए सामान और अवैध कब्जों को हटवाने के साथ ही जगह-जगह बेतरतीब खड़े वाहनों पर भी कार्यवाही की गई।

कार्रवाई के दौरान कुल 145 वाहनों का चालान किया गया।नावल्टी चौक से लेकर अंसारी रोड, मालवीय चौक, झांसी की रानी चौक और आलू मंडी से शिव चौक तक पुलिस बल ने मोर्चा संभाल कर सड़क किनारे खड़े वाहन हटवाए और अवैध तरीके से कब्जा जमाने वालों को चेतावनी दी। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि सार्वजनिक मार्गों को बाधित करना अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।यातायात पुलिस ने व्यापारियों को समझाते हुए कहा कि वे अपने प्रतिष्ठानों के आगे सड़क पर सामान न फैलाएँ और वाहन चालक भी नियमों का पालन करते हुए केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें।

पुलिस ने आगाह किया कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पाए जाने पर सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस अभियान की अगुवाई पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे एवं क्षेत्राधिकारी यातायात ऋषिका सिंह ने की | इस दौरान यातायात प्रभारी राकेश कुमार के साथ पूरी टीम मौके पर मौजूद रही। यातायात उपनिरीक्षक देवकीनन्दन, पुष्पेन्द्र कुमार व तरुण कुमार समेत पुलिस बल ने सड़कों से अतिक्रमण हटाने और जाम कम करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाई।

शहरवासियों से अपील करते हुए यातायात पुलिस ने कहा कि ‘नियमों का पालन कर सभी नागरिक स्वयं भी राहत पाएंगे और दूसरों को भी परेशानी से बचाएँगे।’

इन्होंने कहा—

‘शहर की यातायात व्यवस्था को बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सड़क पर अतिक्रमण कर दुकानें बढ़ाना हो या फिर वाहनों को बेतरतीब खड़ा करना—दोनों ही स्थितियाँ जाम की जड़ हैं। आज की कार्रवाई इसी दिशा में एक सख्त संदेश है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।’

अतुल कुमार चौबे,पुलिस अधीक्षक यातायात

‘प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल चलने तक की जगह कम हो चुकी थी। आमजन की परेशानी को देखते हुए कार्रवाई की गई है। व्यापारियों और वाहन चालकों को अंतिम चेतावनी दी गई है कि वे नियमों का पालन करें। भविष्य में अगर कोई अतिक्रमण या अवैध पार्किंग मिली तो सीधे कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।’

ऋषिका सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights