गौतम बुद्ध नगर, 13 सितंबर । उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर के सेक्टर 37 में अवैध रूप से भ्रूण लिंग परीक्षण करने वाले डॉक्टर सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही सभी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।

जनपद पानीपत हरियाणा के स्वास्थ्य टीम के पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉक्टर अभय नंदन वत्स ने थाना सेक्टर 39 में मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम यमुना प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर क्लिनिक के संचालक डॉक्टर राजश्री जसूजा पुत्र संजीव जसूजा निवासी डी-29 सेक्टर 40 नोएडा, मरियम पुत्री रोहित कुमार निवासी ग्राम भंगेल, बबलू झा पुत्र काशीकांत झा निवासी सेक्टर 122 नोएडा, रोहित कुमार पुत्र सत्य प्रकाश निवासी ग्राम भंगेल तथा अमित कुमार पुत्र प्रेमचंद निवासी ग्राम गिझौड़ को गिरफ्तार कर लिया है। इनके इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2),61,3(5),प्री-नेटल डायग्नोस्टिक टेक्निक्स रेगुलेशन एंड प्रीवे. ऑफ मीसयुज की धारा – 4,5(1),6 (a) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना सेक्टर 39 पुलिस आज आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रही है।

हरियाणा के जनपद पानीपत के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार शाम को कार्रवाई करते हुए सेक्टर 37 में चल रहे भ्रूण लिंग जांच केंद्र का पर्दाफाश करते हुए पांच लोगों को पकड़ा है। इसमें दो महिलाएं शामिल हैं। यह केंद्र काफी दिनों से चल रहा था।

डॉक्टर अभय नंदन वत्स (पीएनडीटी नोडल) पानीपत ने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत उनकी टीम ने कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि उनको काफी दिनों से जानकारी मिल रही थी कि नोएडा के सेक्टर-37 के लाल मार्किट में डॉक्टर राजश्री जसूजा क्लीनिक पर भ्रूण लिंग की जांच की जा रही है। जानकारी को पुख्ता करने के लिए उनकी पूरी टीम ने प्लान बनाया। और एक ग्राहक बनाकर बातचीत शुरू की। जांच के लिए 25 हजार रुपए तय किए गए। जिसमें लिंग जांच करने वाले लोगों द्वारा 5 हजार रुपए ऑनलाइन जमा करवाए गए और बाकी कैश देने की बात हुई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पानीपत से डॉक्टरों की टीम नोएडा पहुंची। पहले उन्होंने अपने द्वारा तैयार किए गए कस्टमर को अंदर भेजा। पैसे दिए और जांच शुरू होते ही टीम अंदर पहुंच गई। जिसके बाद नोट को वैरीफाइ किया गया। ये वहीं नोट मिले जो पानीपत सीएमओ की ओर से वैरीफाइ किए गए थे। मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। इसकी जानकारी गौतमबुद्ध नगर सीएमओ को दे दी गई है।

टीम ने फर्जी महिला ग्राहक बनाकर दलाल रोहित व अमित से संपर्क साधा। दलालों ने 25 हजार रुपये में सौदा तय किया। जिस पर सहमति बनने के बाद भ्रूण लिंग जांच के लिए फर्जी महिला ग्राहक के साथ-साथ पानीपत स्वास्थ्य विभाग की टीम भी नोएडा सेक्टर-37 के लिए रवाना हुई। दलाल महिला को डा. राजश्री जसूजा भारत स्कीनिंग सेंटर ले गए। जब भ्रूण लिंग जांच शुरू किया तो महिला ने इसकी सूचना टीम को दी। टीम ने छापामारी करते हुए मुख्य आरोपित डा. राजश्री, दलाल रोहित, अमित, मरियम व बबलू को गिरफ्तार कर लिया।

इस बाबत पूछने पर पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम यमुना प्रसाद ने बताया कि पानीपत स्वास्थ्य विभाग की तरफ से थाना सेक्टर 39 में आज सुबह को रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। क्लिनिक को सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights