नई दिल्ली। सोमवार शाम राजधानी दिल्ली लाल किले के पास हुए भीषण धमाके से दहल उठी। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई कारें जल उठीं। मौके पर अफरातफरी मच गई। अब तक 8 लोगों की मौत और 25 से अधिक घायल होने की पुष्टि हुई है।धमाके की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां और दिल्ली पुलिस की विशेष टीम मौके पर पहुंची। आग पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया गया।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और बम निरोधक दस्ता ने पूरे इलाके को सील कर दिया है।पुलिस विस्फोट के कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह बम विस्फोट था या गैस सिलेंडर फटने से हुआ धमाका। फॉरेंसिक टीमें मौके से सबूत जुटा रही हैं।धमाके के बाद पूरे दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। आसपास के बाजार और मेट्रो स्टेशन अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, “धमाका इतना तेज था कि कुछ सेकंड में कार आग के गोले में बदल गई।”फिलहाल घायलों का इलाज एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है। गृह मंत्रालय ने घटना की रिपोर्ट तलब कर ली है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
