मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में मोबाइल रिपेयरिंग करने वाले युवक अनस द्वारा किए गए आत्मदाह प्रयास के मामले में नया मोड़ ले लिया है। जहाँ सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में अनस ने पुलिस पर गंभीर उत्पीड़न और रिश्वत मांगने जैसे आरोप लगाए थे, वहीं अब उसके पिता ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए नया बयान जारी किया है। इससे पूरे प्रकरण की दिशा बदल गई है।युवक अनस का वीडियो सामने आने के बाद मामला बेहद गर्म हो गया था। वीडियो में उसने दावा किया था कि कुछ महीने पहले पुलिस उसे चोरी के एक मामले में उठाकर ले गई थी और सबूत न मिलने पर छोड़ दिया था। उसने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में पुलिसकर्मी उसे फिर से घर से उठाकर चौकी ले गए, मारपीट की और पाँच लाख रुपये की मांग करते हुए 50 हजार रुपये लेने का दबाव बनाया। इसी तनाव में उसने खुद को आग लगाने का फैसला किया।लेकिन अब अनस के पिता मुरसलीन ने इस पूरे वीडियो का खंडन करते हुए कहा है कि उनके बेटे को किसी ने बहकाकर पुलिस के खिलाफ बयान दिलवाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “अनस ने तनाव में आकर यह कदम उठाया है। इसमें न तो किसी पुलिसकर्मी का हाथ है और न ही किसी अन्य व्यक्ति का।”

मुरसलीन ने अपनी प्राथमिकता बेटे के इलाज को बताया और कहा कि वह सिर्फ उसके स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।पिता का यह बयान पुलिस के लिए राहत भरा जरूर है, लेकिन कई नए सवाल भी खड़े कर गया है—यदि पुलिस निर्दोष है तो अनस ने इतने गंभीर आरोप क्यों लगाए? और वह कौन है जिसने उसे ऐसा बयान देने के लिए उकसाया? एसएसपी संजय वर्मा ने वीडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच एसपी देहात आदित्य बंसल को सौंप दी थी। अब पिता के नए बयान को देखते हुए जांच एक नए पहलू से आगे बढ़ेगी।फिलहाल, अनस का उपचार दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस और परिवार के परस्पर विरोधी बयानों के बीच यह मामला लगातार उलझता जा रहा है, और अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights