मुज़फ्फरनगर | रतनपुर थाना क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर में आज सुबह दो पक्षों में हुई मारपीट ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया,जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हैं | सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया जहाँ से गंभीर घायलों को मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया | दीपावली से कुछ दिन पूर्व पटाखे को लेकर हुई दो पक्षों की बहस ने गुरुवार की सुबह खूनी संघर्ष का रूप ले लिया | संघर्ष ऐसा की लाठी डंडों से मारपीट हुई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए |

पीड़ित पक्ष की ओर से नीतीश कुमार पुत्र अरविंद ने बताया कि उसके पिता आज सुबह अपनी बुग्गी को लेकर खेतों पर चारा लेने जा रहे थे तभी रास्ते में विपक्षी गण जितेंद्र पुत्र बीरसिंह, सोनू पुत्र प्रदीप एवं उनके साथियों ने लाठी डंडों एवं लोहे की रोड से उन पर हमला कर दिया | हमने की सूचना पर परिवार के लोगों ने बीच बचाव किया तो उन पर भी हमला किया गया, जिसमें उनके परिवार के लगभग आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल है | नीतीश का कहना है कि उनको तमंचे से भी डराया गया और जान से मारने की धमकी दी गई |उक्त संबंध में पुलिस प्रशासन का कहना है कि घायलों को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए कठोर कार्यवाही की जाएगी |
