मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब आपसी कहासुनी के बाद एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने युवक पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान मोनू पुत्र सतीश निवासी गांव दादूपुर थाना पुरकाजी जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है | घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने गांव के ही तीन लोगों को नामजद करते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। हालांकि विवाद की असली जड़—चाहे वह जमीन का हो, व्यक्तिगत दुश्मनी का या किसी और कारण का—स्पष्ट करने के लिए गहन जांच की जा रही है। इस बीच पुलिस को यह भी जानकारी प्राप्त हुई है कि मृतक और आरोपी दोनों ही पक्षों पर आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। ऐसे में आपसी पुरानी रंजिश को ही हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अचानक हुई इस वारदात से परिवार और गांव में मातम का माहौल है।फिलहाल, पुलिस की विशेष टीम मामले की तह तक जाने के लिए गवाहों से पूछताछ और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
