भाजपा ने प्रदेशभर में योग शिविरों का आयोजन कर योग से निरोग का दिया संदेश

देश की एकात्मता को प्रबल बनाता है योग: धर्मपाल सिंह

लखनऊ, 21 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने विश्व योग दिवस पर शनिवार को प्रदेश में मंडल स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया और विश्व को योग से निरोग का संदेश दिया। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों ने भी योग कार्यक्रमों का आयोजन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में योग करके योग से निरोग का संदेश दिया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सेंट्रल पार्क, समर विहार कालोनी, कैंट-2 लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों के साथ योग किया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गाजियाबाद तथा ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में 11वें विश्व योग दिवस पर योग कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए।

अम्बेडकर पार्क गोमतीनगर, लखनऊ में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अनुसूचित मोर्चा द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर को समर्पित योग शिविर में सम्मिलित होकर योग दर्शन के उद्घोष सर्वे सन्तु निरामयाः का संदेश देते हुए सबके स्वस्थ एवं निरोगी जीवन की कामना की।

प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी के प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल, शक्तिकेन्द्र तथा बूथ के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, नगर निगम के महापौर व सदस्य, नगर पालिका, नगर पंचायत अध्यक्ष व सदस्य, आयोग, बोर्ड, निगम के अध्यक्ष व सदस्य सहित सभी जनप्रतिनिधि, पार्टी के नेता तथा कार्यकर्ता स्थानीय नागरिकों के साथ विश्व योग दिवस के कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक तथा व्यवसायिक वर्गों के भी योग शिविर आयोजित किये गए।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि ध्यान से ज्ञान और योग से निरोग ही स्वस्थ जीवन शैली का मंत्र है। भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर योग पूरी दुनिया को भारत द्वारा दी गई एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 से अपने अथक प्रयासों से पूरी दुनिया में पहुंचाने का अद्वितीय एवं स्वागत योग्य कार्य किया है। आज योग पूरे विश्व के लोगों की जीवन शैली बन चुका है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग को अपनी जीवनशैली का अमूल्य हिस्सा बनाने का संकल्प करें और स्वस्थ समाज व समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने 11वें विश्व योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग कार्यक्रम में जिस तरह सभी एक समय पर एक साथ प्राणायाम, आसन सहित योग की सभी क्रियाएं कर रहे हैं, जिससे एक साथ एक लक्ष्य के लिए चलने का अभ्यास भी होता है। इसलिए योग देश की एकात्मता और वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को भी प्रबल बनाता है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि बाबा साहेब को समर्पित योग महोत्सव का कार्यक्रम एक भारत-समरस भारत के लोकमंगलकारी उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

संगठन महामंत्री ने कहा कि भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रयास से यह विशाल योग महोत्सव का आयोजन आगे भी समरसता का मंत्र लेकर किए जाने वाले कार्यक्रमों के लिए प्रेरक होगा। हम सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आभारी हैं जिनके प्रयास से भारतीय योग दर्शन को विश्व ने स्वीकार भी किया और अंगीकार भी किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights