प्रयागराज, 10 मार्च । प्रयागराज यमुनापार, गंगापार, महानगर के कार्यकर्ताओं संग होली के पावन अवसर पर 15 मार्च को प्रातः 10 बजे से परेड ग्राउंड मैदान में आयोजित होने वाले भाजपा कार्यकर्ता मिलन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को भाजपा यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने करछना सहित विभिन्न विधानसभाओं में बैठकों का सिलसिला शुरू किया।
यह जानकारी मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने देते हुए बताया कि करछना विधानसभा के कैम्प कार्यालय रामपुर की बैठक में जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में समय से पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की तथा आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपीं।
जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति हैं और सभी के सहयोग से ही कार्यक्रम भव्य व सफल बनेगा। बैठक में विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाने तथा मंडल प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि करछना के बाद जिलाध्यक्ष ने मेजा विधानसभा और कोरांव विधानसभा में भी कार्यकर्ताओं संग बैठक कर कार्यक्रम के तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में विधायक कोरांव राजमणि कोल, मंडल अध्यक्ष हरिकृष्ण पांडेय, राकेश सिंह पटेल, बृजेश कुमार निषाद, रामेश्वर प्रसाद द्विवेदी, सुखराज सिंह पटेल, आनंद तिवारी सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी व वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
