जातीय जनगणना का भाजपा ने किया स्वागत
लखनऊ,30 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में हुए ‘जातीय आधारित जनगणना” के फैसले का स्वागत किया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में लिया गया यह ऐतिहासिक निर्णय देश के समावेशी विकास की दिशा में एक बड़ा बदलाव लाएगा। जातीय जनगणना से नीतियों को अत्यधिक न्यायसंगत और लक्षित बनाने में बेहतर मदद मिलेगी तथा इससे वंचित तबकों को सशक्त करने की दिशा में ठोस आधार मिलेगा। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कैबिनेट का समस्त प्रदेशवासियों की तरफ से हृदयतल से हार्दिक आभार प्रकट करता हूँ।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जातिगत जनगणना के फ़ैसले से कांग्रेस और सपा सहित इंडी गठबंधन की राजनीति का पूर्ण विराम हो गया है। आज रात्रि भाजपा और मोदी विरोधियों को नींद नहीं आएगी। सबका साथ, सबका विकास, मोदी हैं तो मुमकिन है।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक्स पर लिखा कि देश में आगामी जनगणना के साथ जातीय गणना कराने का निर्णय देश की राजनीति में यह एक ऐतिहासिक क्षण है। यह सिर्फ एक निर्णय नहीं, बल्कि दशकों की उपेक्षा और अनदेखी का अंत है। कांग्रेस सहित जो राजनीतिक दल वर्षों तक सत्ता में रहकर भी इस विषय पर मौन साधे रहे, उनके लिए यह एक करारा संदेश है। उन राजनीतिक दलों ने सिर्फ़ घोषणाओं और भाषणों में जातीय जनगणना की बात की, लेकिन आज प्रधानमंत्री ने इसे कर दिखाया। जातीय आंकड़े लोकतंत्र को मजबूत करेंगे। नीति निर्माण को न्यायसंगत बनाएंगे और समावेशी विकास की राह को प्रशस्त करेंगे। इस युगांतकारी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन।——————–