पानी की एक-एक बूंद को तरसेगा पाकिस्तान : दयाशंकर मिश्र दयालु

प्रयागराज, 24 अप्रैल (हि.स.)। पहलगाम में पाक आतंकवादियों द्वारा किए गए कायरतापूर्ण हमले की देश दुनिया में निंदा हो रही है। देश के अंदर आक्रोश है और उबाल है। जनता का विश्वास देश के प्रधानमंत्री पर है कि देश के दुश्मनों को हम छोड़ेंगे नहीं। प्रधानमंत्री ने आतंकवादी घटना को लेकर पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सिंधु जल संधि समझौता रद्द कर दिया। जिसके कारण पाकिस्तान एक-एक बूंद पानी के लिए तरसेगा और बहुत जल्द मोदी सरकार पाकिस्तानी आतंकवादियों को उसी की भाषा में जवाब देगा।

यह बातें मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के आयुष विभाग के राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने सोशल मीडिया के इन्फ्लुजर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कही। गुरूवार को जिला पंचायत सभागार में एक राष्ट्र एक चुनाव सोशल मीडिया मीट क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि ने एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर कहा कि देश की आजादी के बाद भारत में 1951-52 से 1967 तक राज्य विधानसभाओं और लोक सभा के लिए चुनाव एक साथ होते थे। यह चक्र टूट गया और वर्तमान में चुनाव हर वर्ष और कभी-कभी एक वर्ष के भीतर अलग-अलग समय पर होते हैं। जिसके परिणामस्वरूप भारी सरकारी व्यय होता है, चुनावों में लगे सुरक्षा बलों और निर्वाचन अधिकारियों को लंबे समय तक अपने प्राथमिक कर्तव्यों से विमुख होना पड़ता है। आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है और जनता भी बार-बार चुनाव होने से परेशान होती है। इन सभी से देश को मुक्त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी परम्परा को बहाल करने के लिए तत्पर हैं।

उन्होंने कहा किएक राष्ट्र एक चुनाव राष्ट्र के अंतर्गत एक ही वोटर लिस्ट और एक ही मतदाता पहचान पत्र से सभी चुनाव किए जाएंगे, जो जनता के हित में आवश्यक कदम होगा। कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव को कानून बनाने के लिए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में 39 सदस्य टीम बनाई गई है। जिसने 191 दिनों में 18,626 पन्नों की एक रिपोर्ट तैयार की गई है। जिसमें देश के सभी राजनैतिक दलों से सुझाव लिए गए। जिसमें 32 राजनैतिक दलों ने हमारा समर्थन किया है और कांग्रेस सहित विपक्ष के कुल 15 राजनैतिक दल असहमत है। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव की परम्परा स्वीडन, जर्मनी, दक्षिण अफ्रीका, इंडोनेशिया जैसे कई देशों में लागू है।

अब देश की प्रगति के लिए विकसित भारत के लिए देश के दोनों सदनों में यह बिल बहुत जल्द लाया जाएगा और देश की लोकसभा और राज्यसभा से पास होकर कानून बनेगा। इसके लिए सभी सोशल मीडिया के कार्यकर्ता इस अभियान की जानकारी देते हुए जन-जन तक पहुंचने का कार्य करें जिससे कि हमें जनता की सहभागिता प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 के बाद कई ऐसे कानून को खत्म किया और संशोधन किया जिसे कांग्रेस ने सिर्फ अपने वोट बैंक के लिए बनाए थे जो राष्ट्र के लिए और उसकी एकता और अखंडता के लिए जरूरी था।

इसके पूर्व विधायक दीपक पटेल, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, पूर्व विधायक प्रभाशंकर पांडे, बाबूलाल भंवरा, जिलाध्यक्ष गंगापार निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा ने एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर अपने विचार व्यक्त किये और जन-जन तक इसके लाभ पहुंचाने और इस अभियान से जनता को जोड़ने का आवाहन किया।

अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष वीके सिंह ने किया। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत काशी क्षेत्र संयोजक अरविंद पांडे एवं समन्वयक अरुण सिंह पटेल ने किया। संचालन क्षेत्रीय संयोजक विमलेश पटेल और समापन क्षेत्रीय सहसंयोजक अरुण सिंह पटेल ने किया। मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि सोशल मीडिया मीट के कार्यक्रम में काशी क्षेत्र के 16 जिलों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर निमेष खत्री, हनुमान प्रसाद पांडे, डॉ शैलेश पांडे, यश विक्रम त्रिपाठी, राजेश केसरवानी विवेक मिश्रा, प्रमोद मोदी, आनंद जायसवाल, विवेक अग्रवाल, पार्षद किरन जायसवाल, आदर्श सिन्हा, गिरजेश मिश्रा, राघवेंद्र सिंह एवं सभी सोशल मीडिया के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights