मध्यप्रदेश के दमोह से बीजेपी सांसद राहुल सिंह लोधी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी छह वर्षीय मासूम बेटी संस्था सिंह का इलाज के दौरान निधन हो गया। दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती संस्था को बचाने की हरसंभव कोशिश की गई, लेकिन डॉक्टर उन्हें नहीं बचा सके। इस हृदयविदारक घटना से पूरे दमोह जिले और आसपास के इलाकों में शोक की लहर फैल गई है।

जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित थी संस्था सिंह
परिजनों के अनुसार संस्था सिंह जन्म से ही दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। उनके हृदय में छेद था, जिसके कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।

एयर एम्बुलेंस से लाया गया पार्थिव शरीर
सोमवार को संस्था सिंह का पार्थिव शरीर एयर एम्बुलेंस के जरिए दिल्ली से जबलपुर लाया गया। इसके बाद उन्हें उनके पैतृक गांव हिंडोरिया ले जाया गया, जहां पूरे विधि-विधान और सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बेटी के निधन से सांसद राहुल सिंह लोधी और उनकी पत्नी राधिका सिंह गहरे सदमे में हैं। परिजनों और परिचितों के अनुसार संस्था लंबे समय से बीमारी से संघर्ष कर रही थीं। दुख की इस घड़ी में उन्हें सांत्वना देने के लिए सुबह से ही रिश्तेदारों, मित्रों और स्थानीय लोगों का तांता लगा रहा।

राजनीतिक और प्रशासनिक जगत ने जताया शोक
संस्था सिंह के असमय निधन पर राजनीतिक और सामाजिक जगत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। बीजेपी और कांग्रेस के कई नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से संवेदनाएं प्रकट कीं। अंतिम संस्कार में पूर्व विधायक प्रद्युम्न सिंह, बीजेपी जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय टंडन, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, एएसपी सुजीत भदौरिया समेत अनेक राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

2 दिन पहले पूर्व गृहमंत्री की बेटी का हुआ था निधन
वहीं बीते शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। रालामंडल इलाके में तेज रफ्तार नेक्सन कार अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े ट्रक में जा घुसी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल और मानसंधु की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि गंभीर रूप से घायल अनुष्का राठी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा था। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights