राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेता अर्जुन सिंह का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है. जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. शनिवार की रात वो पत्नी से कहासुनी के बाद घर से निकल गए थे, जिसके बाद उनका शव घर से थोड़ी दूरी पर स्थित एक पेड़ से लटका मिला है. उनके शरीर पर चोट के निशान है, जिससे ये मामला गहरा गया है.
ये घटना बांसवाड़ा के दानापुर थाना क्षेत्र में स्थित जूनाखेड़ा गांव की बताई जा रही है. जहां रहने वाले 47 वर्षीय अर्जुन सिंह भाजपा के जिला सचिव थे. रविवार की सुबह उनका शव घर से थोड़ी दूरी पर स्थित आम के पेड़ से लटका मिला. जब ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई.
पत्नी से कहासुनी के बाद निकले थे बीजेपी नेता
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस बारे में जानकारी देते हुए दानपुर थाने के सहायक उपनिरीक्षक रमेश चंद ने बताया कि शनिवार रात अर्जुन और उनकी पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वह घर से निकल गए थे और बाद में उनका शव पेड़ से लटका हुआ मिला.
बेटे की शिकायत पर केस दर्ज
पुलिस अधिकारी ने कहा कि अर्जुन के बेटे अभिमन्यु की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. उनके शव पर चोट के निशान मिले हैं और मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.
मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मामला संदिग्ध हो गया है. पुलिस हर एंगल से इस मामले में की जांच कर रही है. मौत की वास्तविक वजह नहीं पता चल पाई हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कुछ तस्वीर साफ़ हो पाएगी कि उनकी हत्या करके शव को लटकाया गया था या फिर उन्होंने आत्महत्या की है. पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है.
