महाराष्ट्र की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कद्दावार नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राज के. पुरोहित का बीमारी के कारण 71 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने शनिवार को मुंबई के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।

भाजपा के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में शुमार था नाम 
राज पुरोहित भाजपा के मुंबई के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। वे पार्टी की मुंबई इकाई के अध्यक्ष रह चुके थे और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे। इसके अलावा, वे 2014 से 2019 तक महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक भी रहे। राज पुरोहित को खासतौर पर मुंबई में रहने वाले उत्तर भारतीय और प्रवासी किरायेदारों के मुद्दे मजबूती से उठाने के लिए जाना जाता था। दक्षिण मुंबई में उनका खासा जनाधार था। हालांकि, 2019 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था।

पुरोहित का निधन पार्टी और राजनीति के लिए बड़ी क्षति  
भाजपा नेताओं ने उनके निधन को पार्टी और महाराष्ट्र की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शोक जताते हुए कहा कि राज पुरोहित एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे और उनका लोगों से गहरा जुड़ाव था। उन्होंने कहा कि पुरोहित को प्रवासी किरायेदारों का सबसे बड़ा हितैषी माना जाता था। विनोद तावड़े ने कहा कि उनका निधन न सिर्फ भाजपा के लिए बल्कि उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी अपूरणीय क्षति है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights