उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में फरीदपुर से भाजपा विधायक रहे प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के निधन के बाद शनिवार को शोक का माहौल रहा। उनके निधन के दूसरे दिन सुबह 11 बजकर 43 मिनट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शक्ति नगर कॉलोनी स्थित उनके आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

भाजपा खेमे सहित आमजन मानस में शोक की लहर 
जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल शुक्रवार को सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक में उनका पुराना अंदाज भी दिखा। उन्होंने सहपाठी मीरगंज विधायक डीसी वर्मा से हंसी-ठिठोली कर ली। फिर अचानक कुछ ऐसा घटा, जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की थी। 

बैठक समाप्त होने के बाद भोजन के दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत उपचार दिया गया, लेकिन करीब एक घंटे बाद उनका निधन हो गया। डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण हृदयाघात बताया है। उनके आकस्मिक निधन से राजनीतिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी गहरा शोक व्याप्त है।

दिवंगत विधायक के घर 15 मिनट रुके सीएम योगी  
शनिवार को उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत विधायक की पत्नी, बेटियों और बेटे से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिवार की कुशलक्षेम जानी। इस दौरान वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने पूरे परिवार से मिलकर गहरा दुख व्यक्त किया और करीब 15 मिनट रुकने के बाद वहां से रवाना हो गए।

अंतिम यात्रा और  संस्कार को देखते हुए पुलिस-पीएसी की तैनाती 
दोपहर करीब 12 बजे शक्ति नगर स्थित आवास से विधायक की अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। उनका अंतिम संस्कार फरीदपुर के स्टेशन रोड स्थित श्मशान भूमि पर किया जाएगा। अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विधायक के कार्यालय से लेकर श्मशान भूमि तक पुलिस और पीएसी बल की व्यापक तैनाती की गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights