बेहतर कनेक्टिविटी ने ट्रांसपोर्टेशन एवं लॉजिस्टिक सेवाओं को सस्ता व सुलभ बनायाः नन्दी

प्रयागराज के सांस्कृतिक व आध्यात्मिक माहात्म्य के साथ ही महाकुम्भ-2025 की व्यापक उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की

प्रयागराज, 18 अप्रैल (हि.स.)। रोड कनेक्टविटी के क्षेत्र में आज उत्तर प्रदेश पूरे देश में अव्वल है। यह बात नागपुर में दो दिवसीय दौरे पर केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से शुक्रवार को उप्र सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कही। उन्होंने कहा कि यूपीडा एवं एनएचआई द्वारा संचालित एक्सप्रेसवेज-हाइवेज की श्रृंखला विश्वस्तरीय सुविधाओं से परिपूर्ण है। बेहतर कनेक्टिविटी ने ट्रांसपोर्टेशन एवं लॉजिस्टिक सेवाओं को सस्ता व सुलभ बनाया है।

मंत्री नन्दी ने नागपुर में डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति में स्थित स्मृति मंदिर में दर्शन कर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के आद्य सरसंघचालक डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार एवं माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया।

नागपुर में प्रवास के दौरान मंत्री नन्दी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर प्रयागराज के सांस्कृतिक व आध्यात्मिक माहात्म्य के साथ ही महाकुम्भ-2025 की व्यापक उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की।

मंत्री नन्दी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में प्रयागराज में लगभग 100 करोड़ की लागत से स्वीकृत 2.2 किलोमीटर लम्बी रोपवे परियोजना के लिए प्रयागराजवासियों की ओर से आभार प्रकट किया। कहा कि यह परियोजना प्रयागराज के धार्मिक पर्यटन के प्रोत्साहन की दृष्टि से मील का पत्थर सिद्ध होगी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कनेक्टिविटी को और भी बेहतर व विस्तृत बनाने हेतु भविष्य में भी हर प्रकार के सहयोग व प्रोत्साहन का आश्वासन दिया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद मंत्री नन्दी डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति स्थल पहुंचे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्थापना के गौरवशाली शताब्दी वर्ष के शुभ अवसर पर मंत्री नन्दी ने महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति में स्थित स्मृति मंदिर में दर्शन कर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार एवं परम माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी भी मौजूद रहीं।

मंत्री नन्दी ने कहा कि डॉ. हेडगेवार एवं पूज्य गुरु जी की स्मृतियों को संजोते, इस स्मृति मंदिर में आकर अभिभूत हूं। भारतीय संस्कृति, राष्ट्र वाद और संगठन शक्ति के मूल्यों को समर्पित यह स्थली हमें राष्ट्र की सेवा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। यह पुण्य स्थली देश की सेवा में समर्पित करोड़ों स्वयंसेवकों के लिए ऊर्जा पुंज है।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights