दिल्ली विधानसभा में सौंदर्यीकरण अभियान की शुरुआत, पर्यावरणीय जागरूकता और सुंदरता का प्रतीक बनेगी विधानसभा

नई दिल्ली, 5 जून (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज विश्व पर्यावरण दिवस पर विधानसभा में सौंदर्यीकरण अभियान की शुरूआत की घोषणा की। उन्होंने विधानसभा परिसर में आयोजित एक पौधारोपण कार्यक्रम में कहा कि दिल्ली विधानसभा को पर्यावरणीय जागरूकता और सुंदरता का प्रतीक बनाया जाएगा।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि विधानसभा सिर्फ एक राजनीतिक केंद्र नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह एक ऐसा सुंदर और प्रेरणादायक स्थान बने, जो दिल्ली के नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे। उन्होंने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अनुरूप है, जिसमें हर नागरिक से अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाने का आह्वान किया जा रहा है।

इस अभियान के तहत विधानसभा परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे। इनमें फूलदार और सजावटी वृक्ष, सुंदर झाड़ियां, ताड़ के पेड़, बांस के गुच्छे, लताएं और ग्राउंडकवर्स शामिल हैं। साथ ही खुशबूदार पौधों की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे विधानसभा परिसर का वातावरण सुंदर ही नहीं बल्कि सुगंधित बने।

गुप्ता ने कहा कि इस ऐतिहासिक परिसर को सुंदर बनाकर हम जनता का ध्यान पर्यावरण की ओर आकर्षित करना चाहते हैं और हर नागरिक को प्रकृति का संरक्षक बनने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं। यह हरित पहल सिर्फ सजावटी प्रयास नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक गर्व का आह्वान है।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights