सपा ने वोट बैंक के लिए मानवता को दी तिलांजलि : उपेन्द्र तिवारी

बलिया, 16 फ़रवरी (हि.स.)। फेफना थानांतर्गत पक्की कोट गांव की यादव बस्ती में उसी गांव की मुस्लिम बस्ती के मनबढ़ों द्वारा किये गए हमले के बाद फेफना के वर्तमान विधायक संग्राम यादव और पूर्व विधायक उपेंद्र तिवारी के बीच आमने-सामने की सियासी लड़ाई छिड़ गई है। पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने रविवार को पीड़ित परिवार से मिलने के बाद कहा कि सपा का पीडीए का नारा सिर्फ छलावा है।

उन्होंने फेफना विधायक व सपा के जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव पर अपने फायदे के लिए संवेदनहीन राजनीति करने का आरोप लगाया। पूर्व मंत्री ने फेफना थानांतर्गत पक्की कोट गांव में यादव बस्ती को लक्ष्य कर उसी गांव की मुस्लिम बस्ती के मनबढ़ों द्वारा किये गए हमले के बाद क्षेत्रीय विधायक द्वारा पीड़ित पक्ष तथा पुलिस पर समझौता करने का दबाव बनाये जाने की कड़ी निंदा की गयी। कहा कि वोट बैंक के स्वार्थ में विधायक का मानवता को तिलांजलि देना शर्मनाक है। पूर्व मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए का नारा देती है। ऐसे में इस घटनाक्रम पर अखिलेश यादव को जवाब देना चाहिए कि क्या यदुवंशी समाज उनके लिए सिर्फ वोट बैंक हैं। सवाल किया कि क्या पीडीए सिर्फ छलावा है।

पूर्व मंत्री ने मीडिया को बताया कि एक राय होकर यादव बस्ती पर हमला उस समय किया गया, जिस समय बस्ती के सभी पुरुष सदस्य बस्ती के ही स्व. दारोगा यादव के शव का अंतिम संस्कार करने गंगा घाट गए थे। घर पर महिलाएं, युवतियां और बच्चे थे। मामूली बात को लेकर पूरे बस्ती में अराजक तरीके से हमला किया गया। घरों के दरवाजे, खिड़कियां, ग्रिल, लाइट तोड़े गए। उन्होंने कहा कि 15 वर्षीय छात्रा सीमा यादव को इतनी बुरी तरह पीटा गया कि वह कोमा की स्थिति में है। इसके बाद भी क्षेत्रीय विधायक पीड़ित परिवार के घर न जाकर, आरोपितों को बचाने के लिए फर्जी क्रॉस केस दर्ज करवाई और अब समझौते का दबाव बना रहे हैं। थाना के हल्का इंचार्ज की भूमिका भी संदिग्ध है। पूर्व मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को 24 घंटे में आरोपितों काे गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम दिया है। इस दौरान उनके साथ चितबड़ागांव के चेयरमैन अमरजीत सिंह, टुनटुन उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष मोतीचंद गुप्ता, हरेंद्र सिंह व अजय सिंह आदि उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights