बलिया के मनियर नगर पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत
बलिया, 05 मई (हि.स.)। नगर पंचायत मनियर के अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार बुचिया देवी ने 2135 वोटों के अंतर से सपा उम्मीदवार धनवती देवी को हराकर जीत दर्ज किया है। बांसडीह इंटर कालेज में सोमवार को उपचुनाव मतगणना के बाद चुनाव अधिकारी डीएसओ देवमणि मिश्रा ने बुचिया देवी के चुनाव एजेंट कुंवर विजय सिंह पप्पू को जीत का प्रमाण पत्र दिया।
मनियर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा और सपा प्रत्याशी आमने-सामने थे। दोनों तरफ से खूब जोर आजमाइश हुई। अंततः भाजपा प्रत्याशी बुचिया देवी के सिर जीत का सेहरा बंधा। गौरतलब है कि उच्च न्यायालय द्वारा मनियर की महिला अध्यक्ष का चुनाव निरस्त कर दिए जाने से दोबारा चुनाव हुआ है। मतदान के बाद सोमवार को बांसडीह इंटर कालेज में नपं मनियर के अध्यक्ष पद उपचुनाव की सुबह नौ बजे से मतगणना शुरू हुई। प्रथम चक्र से ही भाजपा उम्मीदवार बुचिया देवी सपा उम्मीदवार धनवती देवी से आगे चल रही थीं। बुचिया देवी सभी चक्र में धनवती देवी से आगे रहीं।
बुचिया देवी ने कुल 5158 मत तथा धनवती देवी ने 3023 मत प्राप्त किया। निर्दल सुभावती को 328 तथा देवान्ती को 107 मत प्राप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि उपचुनाव में कुल 8854 मत पड़े थे। जिसमें से 221 मतों को अवैध घोषित किया गया। 8633 वैध मत प्रत्याशियों ने मत प्राप्त किया। नोटा को 17 मत मिले। विधायक केतकी सिंह, भाजपा नेता नागेन्द्र पाण्डेय, सेतांशु गुप्ता आदि ने बुचिया देवी व कुंवर पप्पू सिंह को बधाई दिया। मतगणना के दौरान सीआरओ त्रिभुवन, एडिशनल एसपी (उत्तरी) अनिल झा, एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ प्रभात कुमार व तहसीलदार नितिन सिंह आदि व्यवस्था व सुरक्षा में तैनात रहे।
—————