अयोध्या, 05 फ़रवरी । योगी सरकार ने अयोध्या जिले के मिल्कीपुर और रुदौली विधानसभा क्षेत्रों में कुल 85 मार्गों का सामान्य मरम्मत से लेकर पूर्ण नवीनीकरण किया जाएगा। इस योजना से लगभग 80.92 किलोमीटर लंबी सड़कों को ठीक करने का लक्ष्य रखा गया है ।
शासन द्वारा इस कार्य के लिए 11.48 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। पूरा कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के खंड चार के अधिशासी अभियंता शशि भूषण सिंह ने बताया कि सभी आवश्यक स्वीकृतियां मिल चुकी हैं और जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा। इन सड़कों के खस्ताहाल होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती थी। गड्ढों, उबड़-खाबड़ सतह और बारिश में जलभराव जैसी समस्याओं के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। अब इस मरम्मत और नवीनीकरण से सड़कें सुचारू, सुरक्षित और टिकाऊ बनेंगी। इससे न केवल दैनिक आवाजाही आसान होगी, बल्कि वाहनों का जीवन भी बढ़ेगा और ईंधन की बचत होगी।
अब गति पकड़ेगा ग्रामीण क्षेत्रों का विकास
मरम्मत होने वाली प्रमुख सड़कों में खंड पिपरा संपर्क मार्ग, बिड़हार से पाता का पुरवा संपर्क मार्ग, ऐहार मीसा गोहाना मार्ग से सराय मंझन संपर्क मार्ग, अहमदाबाद संपर्क मार्ग सहित कई अन्य महत्वपूर्ण मार्ग शामिल हैं। ये मार्ग गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ते हैं और स्थानीय व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा कृषि उत्पादों के परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बेहतर सड़कें होने से उद्योगों की स्थापना, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पहले सड़कों की कमी के कारण विकास रुका हुआ था, अब वह गति पकड़ेगा।
———–
