नई दिल्ली| ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारत को दो विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली। टीम इंडिया की यह लगातार दूसरी हार रही। पहले वनडे में पर्थ में सात विकेट से शिकस्त झेलने के बाद भारतीय टीम एडिलेड में भी जीत दर्ज नहीं कर सकी।भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 264 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 73 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि श्रेयस अय्यर ने 61 और अक्षर पटेल ने 44 रन जोड़े। हालांकि शीर्ष क्रम एक बार फिर लड़खड़ा गया,शुभमन गिल सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हुए और विराट कोहली लगातार दूसरे मैच में खाता खोले बिना पवेलियन लौटे।ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा। एडम जैम्पा ने 4 विकेट चटकाए, वहीं जेवियर बार्टलेट ने 3 और मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट लिए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत कमजोर रही।
कप्तान मिचेल मार्श 11 रन बनाकर आउट हुए और ट्रेविस हेड भी 28 रन से आगे नहीं बढ़ सके। लेकिन मैथ्यू शॉर्ट (74 रन) और कूपर (नाबाद 61 रन) ने पारी को संभाला और टीम को जीत की राह पर वापस लाया। मिचेल ओवन ने भी 36 रनों का अहम योगदान दिया।भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और वॉशिंगटन सुंदर ने दो-दो विकेट झटके, मगर निचले क्रम में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने संयम रखकर टीम को जीत दिला दी।ऑस्ट्रेलिया ने 46.2 ओवर में लक्ष्य हासिल करते हुए 265 रन पूरे किए। अब तीसरा और आखिरी वनडे रविवार को खेला जाएगा, जो भारत के लिए सिर्फ सम्मान बचाने का मौका होगा।
