मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को जन सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। यह हमला मुख्यमंत्री निवास सिविल लाइंस राज निवास मार्ग स्थित जन सेवा केंद्र में हुआ। आरोपित की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया के रूप में हुई है।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह व्यक्ति मारने के इरादे से आया था। इसके पास न कोई कागज था न कोई मुद्दा। इसके मोबाइल में मुख्यमंत्री के घर की रेकी के वीडियो मिले हैं। यह व्यक्ति सिर्फ हमला करने के उद्देश्य से ही आया था। मुुख्यमंत्री का मनोबल इन हमलों से कम नहीं हुआ है, मुख्यमंत्री जनसुनवाई के लिए पहले से ज्यादा जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री न रुकेंगी, न झुकेंगी और न ही डरने वाली हैं।

लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने एक्स पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री पर हुआ हमला अत्यंत निंदनीय है और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। जनसुनवाई का कार्यक्रम लोगों से सीधे जुड़ने का माध्यम है, जहां जनता अपने सवाल और संदेह बिना किसी डर या बाधा के मुख्यमंत्री तक पहुंचा पाती है। ऐसी पवित्र लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश कदापि स्वीकार नहीं की जा सकती। दोषियों पर उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री पर हुआ हमला अत्यंत दुखद, निंदनीय और अस्वीकार्य है। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि दिल्ली के हित के लिए निरंतर कार्यरत एक संवेदनशील और दृढ़निश्चयी महिला नेतृत्व पर इस प्रकार का कायरतापूर्ण आक्रमण लोकतांत्रिक आचरण की मूल भावना के विपरीत है। यह अमर्यादित कृत्य न केवल हमारे लोकतंत्र की साख को आहत करता है, बल्कि समाज में अराजकता फैलाने का घृणित प्रयास भी है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री पर जन सुनवाई के दौरान हुआ हमला बेहद निंदनीय है। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं होती। मुख्यमंत्री हर दिन जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनती और समाधान करती हैं। उन पर हमला करना लोकतांत्रिक परंपराओं पर प्रहार है।

समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री पर हुआ हमला अत्यंत दुखद, निंदनीय और अस्वीकारणीय है। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि एक संवेदनशील व दृढ़निश्चयी महिला नेतृत्व पर इस प्रकार का आक्रमण लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत और समाज में अराजकता फैलाने का प्रयास है। सरकार और प्रदेश की जनता इस कृत्य की घोर निंदा करते हैं और ये विश्वास दिलाते हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम अपनी बहन रेखा गुप्ता के साथ खड़े हैं, खड़े रहेंगे!

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights