नई दिल्ली, 13 मार्च । उत्तर-पश्चिम जिले के अशोक विहार थाना क्षेत्र में सक्रिय सीरियल चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले ‘डोरेमोन गैंग’ का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, एक स्प्रिंग एक्टिवेटेड चाकू और कई मामलों में चोरी किया गया सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक 11 मार्च की रात करीब 10:20 बजे डब्ल्यूपीआईए इलाके में एसबीआई बैंक, राजा पार्क के पास ‘रोको-टोको’ योजना के तहत गश्त के दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को मोटरसाइकिल घसीटते हुए देखा। पुलिस को देखकर दोनों घबराकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपी दिनेश उर्फ ‘डोरेमोन’ के पास से बटन दबाकर खुलने वाला चाकू बरामद हुआ, जबकि दूसरे आरोपी सनी के पास से बरामद मोटरसाइकिल की जांच करने पर वह चोरी की निकली। इस संबंध में अशोक विहार थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में आरोपितों की पहचान सनी (26) और दिनेश उर्फ ‘डोरेमोन’ (26) के रूप उमें हुई है। दोनों ने पूछताछ में इलाके में कई चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार दोनों की गिरफ्तारी से कुल 11 आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें से चार चोरी के मामलों में पुलिस ने 100 प्रतिशत बरामदगी भी कर ली है। बरामद सामान में लोहे के पाइप फिटिंग, स्टील के नल, डिमोलिशन हैमर, इलेक्ट्रिक ग्राइंडर, हथौड़ा, कटर और तांबे की तार शामिल हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि दिनेश उर्फ ‘डोरेमोन’ अशोक विहार थाने का बदमाश घोषित (बीसी) है और उसके खिलाफ पहले से 17 मामले दर्ज हैं, जबकि सनी एक रात में चोरी के मामले में पहले भी शामिल रहा है। पूरी कार्रवाई एसआई रोहित चाहर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। इस ऑपरेशन की निगरानी अशोक विहार थाना प्रभारी और एसीपी अशोक विहार द्वारा की गई। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
