बाबा साहेब ने हमेशा समानता, सामाजिक न्याय और मानवाधिकारों के लिए संघर्ष किया : विजेंद्र गुप्ता

-दिल्ली विधानसभा में डॉ. भीमराव आंबेडकर को विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और विधायकों ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा में आज भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने हमेशा समानता, सामाजिक न्याय और मानवाधिकारों के लिए संघर्ष किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, मंत्री रविंद्र सिंह इंद्राज और अन्य विधायक उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. आंबेडकर द्वारा निर्मित भारतीय संविधान को विश्वभर में एक अद्वितीय स्थान प्राप्त है। उन्होंने एक ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां कोई भेदभाव न हो और सभी नागरिकों को समान अधिकार प्राप्त हों। उनका यह दृष्टिकोण आज भी आधुनिक भारत की नींव है। उन्होंने कहा कि आंबेडकर का जीवन संघर्ष और उनकी सोच आज भी लोगों को प्रेरित करती है।

गुप्ता ने कहा कि बाबा साहेब की सोच ने देश को एक नई दिशा दी, जिसमें सामाजिक समरसता और न्याय की प्रमुख भूमिका रही। उन्होंने बताया कि डॉ. आंबेडकर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया, जो देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह सम्मान उनके समाज सुधार, न्याय और समानता के प्रति योगदान को दर्शाता है। उनका जीवन और कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे।

विधानसभा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए। कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब के विचारों को याद किया गया और संविधान के मूल मूल्यों न्याय, स्वतंत्रता और समानता को बनाए रखने की प्रेरणा ली गई।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights