मुजफ्फरनगर। मंडी समिति रोड पर बनाए गए नाले में निर्माण की भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने आरोप लगाया है कि नाले का ढलान गलत बनाया गया है, जिससे गंदा पानी आगे बढ़ने के बजाय बीच में ही रुक रहा है। कहीं नाले में 6 इंच तो कहीं 9 इंच तक पानी जमा है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।स्थानीय लोग संजय जैन, विकास जैन, सुरेश जैन, सर्वेश, पवित्र पाल और योग आश्रम संचालक विरेंद्र कुच्छल ने नगर पालिका को कई शिकायतें दीं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बिना समस्या का समाधान किए ही उनकी शिकायत का ऑनलाइन निस्तारण कर दिया गया, जिससे क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश है।लोगों का कहना है कि नाले का ढलान बाला जी चौक की तरफ से विश्वकर्मा चौक की ओर होना चाहिए था, लेकिन गलत ऊंचाई और खराब लेवलिंग के कारण पानी बीच में ही ठहर जाता है। इससे आसपास के दुकानदारों को लगातार बदबू और मच्छरों की समस्या झेलनी पड़ रही है।जानकारी के अनुसार, कुछ मकान मालिकों ने अपनी सुरक्षा के लिए नाले के किनारों पर खुद ही पक्के निर्माण करा लिए हैं। वहीं, नगर पालिका के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जल्द समाधान का आश्वासन तो दिया, लेकिन ठेकेदार के न आने और कार्रवाई न होने से लोगों में रोष बढ़ गया है।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाले की तकनीकी जांच कर दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें जलभराव और मच्छरों से राहत मिल सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights