मुजफ्फरनगर | आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, मेरठ भानू भास्कर ने शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर स्थित यातायात सभागार में जनपद के पुलिस अधिकारियों के साथ गोष्ठी कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत गार्द की सलामी से हुई, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने एडीजी का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।

एडीजी भानू भास्कर ने कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए शराब, खनन, गौकशी, भूमाफिया और मादक पदार्थ तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों में लिप्त लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए जाएं और उनकी संपत्तियों की धारा 14(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्तीकरण की कार्यवाही की जाए।एडीजी ने मिशन शक्ति और साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत की जा रही गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं विशेषकर एससी/एसटी एक्ट, पोक्सो एक्ट व महिला संबंधी अपराधों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी के निर्देश दिए।

त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए एडीजी ने अधिनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए, सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी अफवाह या साम्प्रदायिक तनाव की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने एंटी-रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता बढ़ाने, फुट पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारी मंडलों, शांति समितियों और धर्मगुरुओं से संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।

एडीजी भानू भास्कर ने कहा कि त्योहारों के दौरान जनता को सुरक्षा की अनुभूति होनी चाहिए। पुलिस का व्यवहार सजग, संवेदनशील और मित्रवत होना चाहिए।वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने कहा कि त्योहारों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और तत्परता से निभाएं ताकि जनता को पुलिस की उपस्थिति का विश्वास महसूस हो।बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, सभी क्षेत्राधिकारीगण एवं सभी थाना प्रभारी/थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।
