खतौली। बुढ़ाना रोड स्थित आलू मिल के निकट बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में टेम्पो चालक की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से पास खड़े टेम्पो चालक इस्लाम पुत्र नसीर अहमद निवासी सद्दीकनगर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो स्कूटर सवार बाल-बाल बचे। भीषण दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश बघेल व कस्बा इंचार्ज तेजवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने थाना प्रभारी को तहरीर सौंपकर ट्रक चालक व ट्रक स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। साथ ही मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग भी उठाई गई।इसी दौरान AIMIM के जिला अध्यक्ष मौलाना इमरान अहमद कासमी, पूर्व सभासद डॉ. अथर सहित नगर के दर्जनों लोगों ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से गन्ना धोने वाले स्थानों से संचालित ओवरलोड ट्रकों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि ओवरलोडिंग और लापरवाही से आए दिन हादसे बढ़ते जा रहे हैं, जिन पर रोक जरूरी है।पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights