नई दिल्ली, 12 फरवरी । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अपर आयुक्त संतोष राय ने गुरुवार को वेस्ट जोन में नागरिक सुविधाओं और सफाई व्यवस्था की समीक्षा के लिए निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संतोष राय ने विभिन्न स्थानों पर स्थानीय निवासियों से संवाद किया और स्वच्छता, पार्कों के रखरखाव, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालयों और अन्य निगम संबंधी मुद्दों पर उनके सुझाव भी लिए।
निरीक्षण के तहत राय ने राजौरी गार्डन स्थित माधव पार्क में बागवानी एवं पार्क रखरखाव कार्यों की समीक्षा की और स्थानीय निवासियों से बातचीत की। उन्होंने लैंडस्केपिंग, लॉन की स्थिति, स्वच्छता और पाथवे का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को नियमित छंटाई, हरित क्षेत्रों के समुचित रख-रखाव और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने राजौरी गार्डन क्षेत्र में स्थित कई सामुदायिक शौचालयों (सीटी) और सार्वजनिक शौचालयों (पीटी) का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई, जल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था तथा रख-रखाव की समीक्षा करते हुए दैनिक सफाई और बेहतर पर्यवेक्षण के सख्त निर्देश दिए।
पंजाबी बाग में अपर आयुक्त ने फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (एफसीटीएस) और ढलावों का निरीक्षण कर ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने समय पर कचरा उठान और ओवरफ्लो की रोकथाम पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने एक प्रदूषण हॉटस्पॉट और पंजाबी बाग स्थित श्मशान घाट का भी दौरा कर वायु प्रदूषण नियंत्रण उपायों की समीक्षा की तथा पर्यावरणीय मानकों के सख्त अनुपालन और धूल नियंत्रण उपायों को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
राय ने शहरी स्वच्छता, पर्यावरण प्रबंधन और जन संतोष में सुधार के लिए निरंतर नागरिक रखरखाव, नियमित फील्ड उपस्थिति और समस्याओं के सक्रिय समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस दौरान उनके साथ जोन के उपायुक्त विनोद अत्री भी उपस्थित रहे।
