देवेंद्र यादव ने सोमवार को विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि आआपा के नेताओं का भ्रष्टाचार में शामिल होना कोई नई बात नहीं लेकिन स्वरूप नगर वार्ड 19 के निगम पार्षद जोगिंदर सिंह का जुआ खेलते पकड़ा जाना उस पार्टी और उसके नेतृत्व के अस्तित्व पर प्रश्चचिन्ह लगाता है, जिसका वे सदस्य है। आआपा के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आंदोलन के नाम पार्टी बनाकर उसमें अपराधियों, गैर सामाजिक लोगों, अवैध वसूली करने वालों को एकत्रित करके दिल्ली में भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड बनाए।
देवेंद्र यादव ने कहा कि आआपा के हाथ से दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम की सत्ता जाने के बाद पार्टी के नेता बेलगाम, अनियंत्रित और स्वतंत्रत होकर भ्रष्टाचार को अंजाम दे रहे हैं। यहीं नहीं बड़ी संख्या में आआपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचारी नेतृत्व के कारण पार्टी से किनारा भी कर लिया है। निगम पार्षद का जुआ खेलते पकड़ा जाना निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का रिश्वत लेना साबित करता है कि आआपा में भ्रष्टाचार पूरी तरह व्याप्त है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने पार्टी बनाते वक्त राजनीति को एक नई दिशा देने की बात कही थी, जिसको सार्थक करते हुए उन्होंने राजनीति में भ्रष्टाचार का समावेश करके भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित किए।
