मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के पटेल नगर इलाके में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब दो गुटों के बीच कहासुनी अचानक खूनी संघर्ष में बदल गई। ग्रीन चैंबर इंटर कॉलेज के पास हुई इस वारदात में धारदार हथियार से हमला कर 20 वर्षीय युवक शिवा की जान ले ली गई, जबकि ऋतिक नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद की वजह एक लड़की से जुड़ा रिश्ता था। आरोप है कि युवती को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से तनातनी चल रही थी। सोमवार रात मामला इतना बिगड़ा कि सड़क पर ही भिड़ंत हो गई। देखते ही देखते चाकू चल पड़े और शिवा व ऋतिक खून से लथपथ सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय पुलिस ने घायल युवकों को आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने शिवा को मेरठ रेफर कर दिया। वहां पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं ऋतिक का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत और सीओ मंडी राजू कुमार साव मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को पकड़ लिया है, जबकि एक अन्य फरार युवक की तलाश की जा रही है।एसएसपी ने बताया कि प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आए थे और इसी दौरान हमला हुआ। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस की फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से सबूत भी जुटाए हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इलाके में पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
