मुजफ्फरनगर। बुधवार तड़के तितावी क्षेत्र में पानीपत-खटीमा हाइवे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे गांव को मातम में डुबो दिया। हरियाणा के करनाल से निकला परिवार हरिद्वार गंगा में अस्थियां विसर्जित करने जा रहा था, लेकिन सफर अधूरा रह गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार खड़े ट्रक में इतनी जोर से जा घुसी कि परखच्चे उड़ गए। कार में सवार सात लोगों में से छह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। सड़क किनारे नीचे खड़े ट्रक को देख चालक कार संभाल नहीं पाया और टक्कर सीधी जाकर लगी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पिचककर कबाड़ में बदल गया। चीख-पुकार सुनकर ढाबा मालिक और राहगीर मौके पर पहुंचे और लोहे की रॉड से गाड़ी के गेट तोड़कर अंदर फंसे शवों और घायल को बाहर निकाला।

हादसे में जिनकी मौत हुई उनमें करनाल के फरीदपुर निवासी महेंद्र जुनेजा की पत्नी मोनिका 40 वर्षीय, बेटा पीयूष 19 वर्षीय, दो बहनें अंजू और मोहिनी, जीजा राजेंद्र और कार चालक शामिल थे। इनमें से छह लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कार चालक शिवा को गंभीर हालत में बघरा सीएचसी से हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है।जानकारी के अनुसार तीन दिन पहले ही महेंद्र जुनेजा का कैंसर से निधन हुआ था। बुधवार को परिवार अस्थियां लेकर हरिद्वार जा रहा था। किसी ने सोचा भी नहीं था कि श्रद्धांजलि का यह सफर परिवार के लिए अंतिम यात्रा बन जाएगा।हादसे के बाद पूरे गांव फरीदपुर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में हर कोई स्तब्ध है कि गंगा जाने की राह इतनी दर्दनाक मौत की राह बन जाएगी। पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और ट्रक चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights