सहायक निबंधक सहकारी समिति डीएस नपलचियाल ने बताया कि मेला ‘सहकारिता से पर्यटन विकास’ थीम पर आधारित रहेगा, जिसमें विशेष रूप से ईको आतिथ्य, ईको पर्यटन, होमस्टे परिचालन प्रशिक्षण, स्थानीय व्यंजन, फल उत्पादन तथा होमस्टे सहकारिता जैसे विषयों पर गतिविधियाँ होंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सहकारिता की मूल भावना को स्थानीय स्तर पर सुदृढ़ करने, उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था में सहकारिता के योगदान को रेखांकित करने तथा सहकारिता से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं को एक साझा मंच प्रदान करने का अवसर देगा। मेले में विभिन्न विभागों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही सहकारी गोष्ठियां व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सहकारिता से जुड़े सदस्यों तथा आम जनता से मेले में व्यापक सहभागिता की अपील की गई है।
