मुज़फ्फरनगर: मीरापुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान गांजे की तस्करी कर रहे नशे के एक सौदागर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त हरियाणा का रहने वाला है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में गांजे की तस्करी करता था।

मीरापुर पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत एक नशे के सौदागर को पकड़ा, जिसके पास से 68 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रमेश पुत्र रूपचंद, निवासी कुटेनी रोड, दलबीर नगर, थाना किला, जनपद पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी, जो मौके से फरार हो गया, संजय पुत्र गुलाब, निवासी विद्यानंद कॉलोनी, वार्ड नंबर 12, पानीपत, हरियाणा है।

एसपी देहात आदित्य बंसल ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि मीरापुर पुलिस थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सामने से आ रही एक कार को रोका गया, लेकिन चालक ने पुलिस को देखकर गाड़ी वापस मोड़ने की कोशिश की। पुलिस ने कार को चारों तरफ से घेर लिया, अपने आप को घिरता देख संजय मौके से फरार हो गया और रमेश मौके पर ही पकड़ा गया। पूछताछ में रमेश ने स्वीकार किया कि वह उड़ीसा से 4–5 हजार रुपये प्रति किलो की दर से गांजा खरीदता और बड़े सप्लायर को 9–10 हजार रुपये प्रति किलो में बेचता था। बाजार में इस गांजे की कीमत 20–25 हजार रुपये प्रति किलो है। रमेश और उसका साथी इस गांजे को मुज़फ़्फरनगर, पानीपत, शामली, सहारनपुर और मेरठ के आलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे। रमेश ने यह भी बताया कि उसकी मुलाकात संजय से पानीपत जेल में हुई थी, और तब से दोनों नशे की तस्करी में शामिल हैं। पुलिस उनकी विस्तृत जांच कर रही है और उनके पिछले कनेक्शन को भी खंगाला जा रहा है।

गिरफ्तारी में मीरापुर थाना के प्रभारी निरीक्षक बबलू कुमार, प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार (सर्विलांस सेल), उप निरीक्षक मोहित कुमार, कांस्टेबल विकास सिरोही, हेड कांस्टेबल नितिन कुमार, कांस्टेबल सचिन कुमार और कांस्टेबल मोहित चौधरी शामिल रहे।एसपी आदित्य बंसल ने इस शानदार कार्रवाई में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को 20,000 रुपये नगद पुरस्कार की भी घोषणा की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights