मुजफ्फरनगर। नई मण्डी थाना पुलिस ने बुधवार देर रात रथेड़ी कट पर हुई मुठभेड़ के दौरान शातिर चोर और 5 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अक्षय को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। अक्षय पर थाना छपार क्षेत्र में समरसेबिल पंप चोरी का मामला दर्ज था और पुलिस उसकी तलाश में थी।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी तभी नसीरपुर जंगल की ओर से बोरे में सामान लेकर आ रहा युवक दिखाई दिया। रोकने पर उसने पुलिस पर फायर झोंक दिया और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी और वह पकड़ा गया। मौके से एक तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा चोरी की समरसेबिल पंप बरामद हुई।गिरफ्तार आरोपी की पहचान अक्षय पुत्र बाबूराम निवासी मेघाखेड़ी थाना नई मण्डी के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी मुकुल के साथ मई माह में ग्राम दतियाना (थाना छपार) से समरसेबिल पंप चोरी की थी। मुकुल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अक्षय उस पंप को बेचने जा रहा था कि पुलिस ने पकड़ लिया। अक्षय के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह थाना छपार पर पंजीकृत मुकदमे में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। घायल अभियुक्त का उपचार अस्पताल में कराया जा रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मुठभेड़ के समय नई मंडी सीओ राजू कुमार साव ने घटना स्थल का निरिक्षण किया और आगे की कार्यवाही के लिए आवश्यकता निर्देश दिए |

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना नई मंडी प्रभारी बृजेश शर्मा, उपनिरीक्षक रूपेश कुमार, मोहित सिंह, चरन सिंह सहित आठ कांस्टेबल शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने इसे पुलिस की बड़ी कामयाबी बताया है।
