उत्तर प्रदेश पुलिस की सिपाही भर्ती पूर्ण होने के बाद अब ट्रेनिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में देवरिया के पुलिस लाइन में भी नए सिपाहियों का JTC प्रशिक्षण चल रहा है। लेकिन यहां ट्रेनिंग के पांचवें दिन गाज़ीपुर का रहने वाला एक सिपाही सोमवार को इस्तीफा देने के लिए एसपी ऑफिस पहुंच गया। उसका कहना है कि उसे 8 बजे तक सोने की आदत है और वह भोर के सुबह 4 बजे नहीं उठ सकता। जबकि, ट्रेनिंग तड़के ही शुरू हो जाती है। वहीं, दिन भर कुछ न कुछ ट्रेनिंग होती रहती है। जिसे पूरा करने में उसे कठिनाई हो रही है। 

PRO ने इस्तीफा ना देने के लिए मनाया
ट्रेनी सिपाही ने यह बातें देवरिया एसपी के पीआरओ डॉ. महेंद्र को बताई, जिस पर उन्होंने रिक्रूट और उसके पिता को काफी समझाया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में इस तरह की दिक्कतें होती हैं और बाद में सब कुछ सामान्य होने लगता है। पीआरओ के समझाने पर वह मान गया और इस्तीफा देने का इरादा टालते हुए बिना एसपी से मिले लौट गया। फिलहाल, ये घटना चारों तरफ चर्चा का विषय बनी हुई है। रिक्रूट के पिता ने बताया कि उनका बेटा बीएड है, वह आठ बजे तक सोता है और पूरा दिन पढ़ाई करता है। वह शिक्षक बनना चाहता था, मगर इस बीच सिपाही भर्ती में सेलेक्ट हो गया। 

ट्रेनिंग के बाद होगी पोस्टिंग
गौरतलब है कि लखनऊ में 15 जून को गृह मंत्री अमित शाह ने सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में यूपी पुलिस में सिपाही की भर्ती परीक्षा पूर्ण होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया था। इसके बाद 17 जून से JTC प्रशिक्षण शुरू हुआ है। एक महीने JTC ट्रेनिंग के बाद सभी रिक्रूट्स को दूसरे सेंटर पर 9 माह के ट्रेनिंग के लिए भेज दिया जाएगा। फिर सभी की पोस्टिंग की जाएगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights